कार्तिकेय 2 से जबरदस्त पहचान बनाने वाले निखिल सिद्धार्थ अब अपनी अगली फिल्म स्वयंभू के साथ दर्शकों के दिल जीतने को पूरी तरह तैयार हैं। हाल ही में रिलीज हुआ फिल्म का टीजर सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है। इसमें निखिल एक खूंखार और शक्तिशाली योद्धा के रूप में नजर आ रहे हैं, जो दर्शकों को पूरी तरह बांधे हुए है।

टीजर ने यूट्यूब पर मचाया तहलका, 1.8 करोड़ व्यूज पार

स्वयंभू का टीजर रिलीज होते ही यूट्यूब पर छा गया। फिल्म के बड़े स्केल, तीव्र एक्शन सीन्स, शानदार विजुअल्स और एनर्जेटिक बैकग्राउंड स्कोर ने इसे तुरंत हिट बना दिया। टीजर ने देखते ही देखते 18 मिलियन यानी 1.8 करोड़ व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया और व्यूज की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह हाइप दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर बढ़ती उत्सुकता को साफ दिखाता है।

पहला गाना 'आजा धीररा' 16 अप्रैल को होगा रिलीज

मेकर्स ने इस उत्साह को और बढ़ाते हुए एक नया पोस्टर जारी किया है। इसमें निखिल घने जंगल के बीच पूरी शिद्दत के साथ भाला ताने हुए एक योद्धा के अवतार में दिख रहे हैं। पोस्टर के साथ घोषणा की गई कि फिल्म का पहला गाना 'आजा धीररा' 16 अप्रैल को रिलीज होगा। मेकर्स ने लिखा, "योद्धा की भावना का जश्न मनाने वाला एक एंथम, स्वयंभू का पहला सिंगल 'आजा धीररा' 16 अप्रैल को आ रहा है। 2026 की गर्मियों में सिनेमाघरों में धमाका होगा।" यह गाना फिल्म के संगीत और विजुअल अनुभव को लेकर दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा रहा है।

क्या है फिल्म की कहानी?

स्वयंभू भारत के स्वर्ण युग की भव्यता को केंद्र में रखकर बनी एक महागाथा है। फिल्म की कहानी संस्कृति, वीरता और प्राचीन परंपराओं में गहराई से जुड़ी हुई है। इसमें 'सेंगोल' जैसे प्रतीकों के माध्यम से विरासत, न्याय और धर्म की थीम को खूबसूरती से पेश किया गया है। निखिल सिद्धार्थ इसमें एक प्रभावशाली योद्धा के किरदार में नजर आएंगे, जो उनके करियर का एक बिल्कुल नया और अलग रूप होगा।

दिग्गज टीम ने किया कमाल, बाहुबली और आरआरआर की तकनीकी टीम शामिल

फिल्म को भव्य बनाने के लिए इंडस्ट्री की टॉप टीम इकट्ठी हुई है। डायरेक्टर भरत कृष्णमाचारी के निर्देशन में यह प्रोजेक्ट तैयार हो रहा है। केजीएफ और सालार फेम रवि बसरूर ने संगीत दिया है, जबकि बाहुबली और आरआरआर के सिनेमैटोग्राफर केके सेंथिल कुमार ने विजुअल्स को शानदार बनाया है। बाहुबली के एडिटर तम्मीराजू ने एडिटिंग संभाली है। लगभग 170 दिनों की लंबी शूटिंग के बाद यह फिल्म हाल के सबसे महत्वाकांक्षी प्रोडक्शंस में शामिल हो गई है। पिक्सेल स्टूडियोज के भुवन और श्रीकर ने फिल्म का निर्माण किया है।

2026 की गर्मियों में सिनेमाघरों में धमाका

स्वयंभू भारत के समृद्ध इतिहास और अमर गौरव को महाकाव्य अंदाज में पेश कर रही है। यह फिल्म 2026 की गर्मियों में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। दर्शक अब निखिल के इस नए अवतार और फिल्म की भव्यता का इंतजार कर रहे हैं।