गैस सिलिंडर जल्दी होता है खत्म? किचन में आपकी ये 4 गलतियां कर रही हैं आपकी जेब खाली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एनर्जी बचाने की अपील के बाद, आइए जानते हैं कि कैसे आपकी किचन की कुछ छोटी-छोटी गलतियां रसोई गैस की बर्बादी का कारण बन रही हैं और सीधे आपकी जेब पर भारी पड़ रही हैं। इन स्मार्ट कुकिंग टिप्स से आप न सिर्फ गैस बचा सकते हैं, बल्कि अपने परिवार की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर सकते हैं।
क्या आपका गैस सिलिंडर भी महीने से पहले ही खाली हो जाता है?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से एनर्जी बचाने और संसाधनों का समझदारी से इस्तेमाल करने की अपील की थी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रोजमर्रा की जिंदगी में हमारी छोटी-छोटी आदतें न सिर्फ पर्यावरण को बचा सकती हैं, बल्कि देश और परिवार की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर सकती हैं। मौजूदा समय में जब रसोई गैस (LPG और PNG) को लेकर हालात बिगड़े हुए हैं, यह सलाह काफी काम की साबित हो सकती है। महंगाई के दौर में किचन को मैनेज करना वाकई मुश्किल काम है। ऐसे में आप अपनी कुकिंग स्टाइल में कुछ बदलाव कर स्मार्ट तरीके से अपनी रसोई में अच्छी-खासी गैस बचा सकते हैं।
किचन में आपकी ये 4 गलतियां खाली कर रही हैं आपकी जेब:
-
गैस जलाकर खाना पकाने की तैयारी करना
अक्सर हम गैस जलाकर सब्जियां काटने या मसाले ढूंढने लगते हैं, जिससे गैस बेकार में जलती रहती है। यह एक आम गलती है जो गैस की काफी बर्बादी करती है। समझदारी इसी में है कि चॉपिंग और सारी तैयारियां पहले ही कर लें, ताकि गैस जलाने के बाद सीधे खाना बनाना शुरू किया जा सके।
-
फ्रिज से निकाली गई ठंडी चीजों को तुरंत गैस पर चढ़ाना
फ्रिज से निकाली गई ठंडी चीजों (जैसे दूध या सब्जियां) को तुरंत गैस पर न चढ़ाएं। उन्हें पहले रूम टेम्परेचर पर आने दें। ऐसा करने से उन्हें गर्म करने में गैस कम खर्च होती है, क्योंकि वे पहले से ही ठंडी नहीं होतीं।
-
खुले बर्तन में खाना पकाना या प्रेशर कुकर का कम इस्तेमाल
खुले बर्तन में खाना पकाना गैस की सबसे बड़ी बर्बादी में से एक है, क्योंकि इसमें भाप के साथ गर्मी बाहर निकल जाती है। हमेशा कड़ाही या पतीले पर ढक्कन लगाकर ही खाना पकाएं। ढक्कन लगाने से बर्तन के अंदर भाप का दबाव बनता है और गर्मी अंदर ही कैद रहती है, जिससे खाना बहुत तेजी से पकता है। दाल, चावल या सख्त सब्जियां पकाने के लिए प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करें। प्रेशर कुकर में खाना 30% से 70% जल्दी पकता है और 20% से 40% तक गैस की बचत होती है।
-
गैस बर्नर की सफाई न करना और गलत लौ पर खाना पकाना
अगर आपके गैस बर्नर के छेद में गंदगी या तेल जमा हो जाता है, तो आंच सही से नहीं निकलती। यदि आपके गैस की लौ नीली की बजाय पीली या नारंगी दिख रही है, तो इसका मतलब है कि गैस पूरी तरह जल नहीं रही और बर्बाद हो रही है। हमेशा नीली लौ ही सबसे ज्यादा गर्मी देती है। हर 15 दिन में बर्नर को ब्रश या सुई से साफ करें। साथ ही, बर्तन के आकार के अनुसार सही बर्नर का चुनाव करें। छोटे बर्तन के लिए छोटा बर्नर और बड़े बर्तन के लिए बड़ा बर्नर इस्तेमाल करें, ताकि आंच बर्तन के किनारों से बाहर निकलकर बर्बाद न हो।
क्या आप व्हाट्सऐप पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
व्हाट्सऐप पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
Chat on WhatsApp
इन छोटी-छोटी आदतों को अपनाकर आप अपनी रसोई में अच्छी-खासी गैस बचा सकते हैं और अपनी जेब खाली होने से भी बचा सकते हैं।